×

झूंसी में चोरों का आतंक, सामाजिक संस्थान का ताला काटकर अंदर घुसे चोर

 गंगादीप कॉलोनी स्थित संस्थान में रात के अंधेरे में घुसे अज्ञात चोर, पर्दे, कुर्सियां और टेंट के सामान को पहुंचाया नुकसान; पुलिस से की गई शिकायत

प्रयागराज | प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र स्थित गंगादीप कॉलोनी में श्यामलाल सामाजिक सेवा संस्थान में बीती रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। चोर संस्थान के मुख्य गेट का ताला काटकर अंदर दाखिल हुए। हालांकि, वे सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके, लेकिन परिसर में रखे सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया।

संस्थान के संचालक सुयोग सिंह के अनुसार, वह सोमवार सुबह रोजाना की तरह संस्थान पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ जमीन पर पड़ा मिला। गेट खुला देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि परिसर में लगे पर्दों के कपड़े, कुर्सियों और टेंट से जुड़े सामान को नुकसान पहुंचाया गया है। चोरों ने संस्थान के गेस्ट हाउस के अंदर भी तोड़फोड़ की।

घटना की जानकारी मिलते ही सुयोग सिंह ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

घटना के बाद संस्थान में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share this story