×

पिता की आंखों के सामने उजड़ गई दुनिया, इकलौते बेटे और बहू को कांपते हाथों से दी मुखाग्नि

 एक हादसे ने खत्म कर दी परिवार की खुशियां, इकलौते बेटे और दो मासूम पोतों को खोकर बेसुध हुए माता-पिता

प्रयागराज। जिस घर में बेटे, बहू और पोते-पोतियों के आने का इंतजार हो रहा था, वहां गुरुवार की सुबह ऐसा मंजर देखने को मिला कि हर आंख नम हो गई। हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव जब प्रयागराज के नीमसराय स्थित घर पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे, बहू और दो मासूम पोतों के शव देखकर बुजुर्ग माता-पिता पूरी तरह टूट गए। कुछ ही देर बाद घर से एक साथ चार अर्थियां उठीं।

परिजनों ने बुधवार तक 66 वर्षीय जयगोविंद उपाध्याय और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कुमुद उपाध्याय को इस दर्दनाक हादसे की पूरी जानकारी नहीं दी थी। परिवार को आशंका थी कि बुजुर्ग माता-पिता यह सदमा सहन नहीं कर पाएंगे। लेकिन गुरुवार सुबह जब बेटे सौरभ, बहू मेनका और दोनों मासूम बच्चों के शव घर पहुंचे तो उनके सामने पूरी दुनिया उजड़ गई। माता-पिता के साथ परिवार की दोनों बेटियां भी फूट-फूटकर रोने लगीं।

बेटे और बहू को मुखाग्नि देते समय छलक पड़ा पिता का दर्द

रसूलाबाद घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य उस समय सामने आया, जब जयगोविंद उपाध्याय को अपने इकलौते बेटे सौरभ और बहू मेनका को मुखाग्नि देनी पड़ी। बेटे का चेहरा देखते ही उनका धैर्य जवाब दे गया। वह काफी देर तक बेटे के शव को एकटक निहारते रहे और फूट-फूटकर रोने लगे। परिजनों ने किसी तरह उन्हें संभाला। इसके बाद कांपते हाथों से उन्होंने बेटे और बहू को मुखाग्नि दी। वहीं, दोनों मासूम बच्चों व्योम और शिवओम के शवों को दफनाया गया।

गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसे में उजड़ गया पूरा परिवार

बताया गया कि हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में सौरभ उपाध्याय, उनकी पत्नी मेनका और दोनों बेटों व्योम व शिवओम की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जिलाधिकारी की अनुमति के बाद रात में ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। देर रात परिजन शव लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हुए और गुरुवार सुबह करीब सात बजे चारों शव नीमसराय स्थित आवास पहुंचे।

भाई दूज और छठ पर घर आने का किया था वादा

सौरभ उपाध्याय नोएडा में लंदन स्थित कंपनी बार्कलेज में एवीपी ट्रांसफॉर्मेशन के पद पर कार्यरत थे। वह पिछले पांच-छह वर्षों से पत्नी और दोनों बच्चों के साथ नोएडा में रह रहे थे। इससे पहले वह पुणे में नौकरी करते थे। दीपावली पर घर नहीं आ पाने के कारण उन्होंने परिवार से भाई दूज और छठ पर प्रयागराज आने का वादा किया था।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह भी सौरभ की परिवार से फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह घर आने के लिए निकल चुके हैं। बहनोई शिशिर उपाध्याय के अनुसार, परिवार को बेसब्री से सौरभ, मेनका और बच्चों के घर पहुंचने का इंतजार था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि जिस फोन पर घर आने की खबर मिली, उसके कुछ घंटे बाद ही पूरे परिवार की मौत की सूचना मिलेगी।

एक साथ चार अपनों को खोने का यह दर्द पूरे मोहल्ले को गमगीन कर गया। जिस घर में खुशियों और अपनों के स्वागत की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा है।

Share this story