Prayagraj News: स्वरूपरानी अस्पताल में ADM का छापा! सफाई, पार्किंग और व्यवस्थाओं की खुली पोल...
प्रयागराज। स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में बुधवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) जूही प्रसाद ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के विभिन्न विभागों, वार्डों, ट्रॉमा सेंटर, पैथोलॉजी और पार्किंग व्यवस्था की जांच की गई। अधिकांश चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिले, जबकि कुछ डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान ट्रॉमा सेंटर में एक्स-रे, सीटी स्कैन और अन्य जांच सेवाओं की स्थिति का अवलोकन किया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और एमआरआई सहित सभी प्रमुख मशीनें सुचारू रूप से संचालित हैं और मरीजों को जांच के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
अपर नगर मजिस्ट्रेट ने वार्डों, गलियारों और शौचालयों की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। अधिकांश स्थानों पर व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, हालांकि कुछ स्थानों पर मरम्मत और अतिरिक्त सफाई की आवश्यकता महसूस की गई। आर्थो वार्ड में सफाई व्यवस्था बेहतर करने और मुख्य गलियारे में लंबे समय से खराब पड़ी मशीन को हटाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि तीमारदारों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है और नई पार्किंग विकसित करने की भी योजना पर कार्य चल रहा है।
अस्पताल में दलालों की सक्रियता को लेकर भी जांच की गई, लेकिन निरीक्षण के दौरान ऐसी कोई शिकायत या तथ्य सामने नहीं आया। इसके बावजूद सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए।
मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत के दौरान पेयजल, बिजली और जांच सुविधाओं को लेकर संतोषजनक प्रतिक्रिया मिली। हालांकि वार्डों में लगे कुछ गद्दों की स्थिति ठीक नहीं मिलने पर उन्हें बदलने और सुधारने के निर्देश जारी किए गए।
निरीक्षण के अंत में अपर नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल प्रशासन को नालियों की नियमित सफाई, उपकरणों के रख-रखाव, ड्यूटी चार्ट को अपडेट रखने तथा अनाधिकृत पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
