×

प्रयागराज में तेज रफ्तार कार बनी आफत, कई लोगों को मारी टक्कर

प्रयागराज में तेज रफ्तार कार बनी आफत, कई लोगों को मारी टक्कर

प्रयागराज। शहर के धूमनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे तेज रफ्तार बलेनो कार ने चौफटका के पास कई लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका पीछा कर हरि स्वीट हाउस के पास घेर लिया।

सूचना मिलते ही धूमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेकर कार को कब्जे में ले लिया। वहीं, कार में सवार चालक के दो अन्य साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले शीशों वाली बलेनो कार में तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद लोगों ने कई बार कार रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाता रहा। इससे आक्रोशित लोगों ने कार पर पथराव भी किया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चालक लोगों से माफी मांगता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो को भी जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है तथा मामले की जांच की जा रही है। फरार दोनों युवकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Share this story