×

प्रयागराज में 26 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, तीन दिन पहले दिल्ली से लौटी थी घर

प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में 26 वर्षीय विवाहिता अर्चना देवी पटेल ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह तीन दिन पहले दिल्ली से अपने गांव लौटी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

प्रयागराज। जिले के मऊआइमा थाना क्षेत्र के सकरा मऊ गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय विवाहिता ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो उसका शव पंखे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान अर्चना देवी पटेल (26) के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग दो वर्षों से दिल्ली की एक चिटफंड कंपनी में नौकरी कर रही थी और तीन दिन पहले ही अपने गांव लौटी थी।

शादी के कुछ महीनों बाद मायके में रहने लगी थी

परिजनों के अनुसार, अर्चना की शादी वर्ष 2023 में छाता गांव निवासी महेश पटेल से हुई थी। विवाह के करीब छह महीने बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया, जिसके बाद वह ससुराल छोड़कर अपने मायके में रहने लगी थी।

दिल्ली से लौटने के तीन दिन बाद उठाया कदम

परिवार के लोगों ने बताया कि अर्चना तीन दिन पहले दिल्ली से गांव आई थी। रविवार को घर के एक कमरे में उसने फांसी लगा ली। जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। दरवाजा खोलने पर उसका शव फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य धान की नर्सरी की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। मृतका के पिता अमलेश पटेल मुंबई में ड्राइवर का कार्य करते हैं। परिवार में दो भाई और एक छोटी बहन हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share this story