पति की दूसरी शादी के शक में महिला पानी की टंकी पर चढ़ी, दो घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
प्रयागराज। जनपद के सैदाबाद क्षेत्र में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने पति की कथित दूसरी शादी के शक और दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई। महिला करीब दो घंटे तक टंकी पर बैठी रही और न्याय की मांग करती रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार महिला की पहचान ऋतु भारती के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2023 में उतराव थाना क्षेत्र के मर्दापुर गांव निवासी रोहित भारती से हुई थी। महिला का मायका पुरुषोत्तमपुर गांव में है। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था, जिसके संबंध में उसने पहले ही ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद महिला प्रशासन के आश्वासन पर नीचे उतरने को तैयार हुई।
पुलिस ने महिला को सुरक्षित टंकी से नीचे उतार लिया और उसकी शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
