×

प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: किराए के कमरे में पति-पत्नी समेत महिला की बेरहमी से हत्या, पुलिस जांच में जुटी

प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: पति-पत्नी समेत 3 की हत्या, किराए के कमरे में मिले खून से लथपथ शव

प्रयागराज। प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाली ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई। गढ़ी कला मोहल्ले के एक किराए के कमरे में पति, पत्नी और एक अन्य महिला के खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों मूक-बधिर (बोल और सुन नहीं सकते थे) बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुबह खुला मिला कमरे का दरवाजा, तब हुआ वारदात का खुलासा

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने कमरे का दरवाजा आधा खुला देखा। संदेह होने पर अंदर झांककर देखा तो बिस्तर पर तीनों के शव पड़े थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

छह महीने से किराए पर रह रहा था दंपति

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि मृतक दंपति पिछले छह महीने से उनके मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रह रहा था। दोनों कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करते थे और स्थानीय कबाड़ कारोबारी को सामान बेचते थे। दंपति मूक-बधिर होने के कारण मोहल्ले में सभी उन्हें इसी पहचान से जानते थे।

उन्होंने बताया कि सोमवार को एक महिला उनसे मिलने आई थी, जिसे उन्होंने रिश्तेदार समझकर कोई पूछताछ नहीं की। रात करीब 11 बजे वह सो गईं और मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिली।

मकान मालकिन सुशीला देवी ने बताया कि मृतक दंपति पिछले छह महीने से उनके मकान की पहली मंजिल पर किराए पर रह रहा था। दोनों कबाड़ बीनकर अपना जीवनयापन करते थे और स्थानीय कबाड़ कारोबारी को सामान बेचते थे। दंपति मूक-बधिर होने के कारण मोहल्ले में सभी उन्हें इसी पहचान से जानते थे।

रात में तेज आवाज सुनाई दी थी

दूसरी मंजिल पर रहने वाले एक किराएदार ने बताया कि देर रात किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य घटना समझकर ध्यान नहीं दिया। सुबह जब हत्या की सूचना मिली तो सभी हैरान रह गए।

कबाड़ कारोबारी ने दी अहम जानकारी

स्थानीय कबाड़ कारोबारी ने बताया कि वह मृतक दंपति को करीब 20 वर्षों से जानते थे। दोनों स्वयं को कोलकाता का निवासी बताते थे और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। जिस तीसरी महिला का शव मिला है, वह भी कभी-कभी उनके साथ कबाड़ बेचने आती थी।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य ने बताया कि किराए के कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद हुए हैं। सभी मूक-बधिर थे। पुलिस घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक साक्ष्यों के साथ अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

Share this story