×

Prayagraj News: प्रयागराज नैनी बाज़ार में एक मकान में लगी भीषण आग, मां-बेटी गंभीर रूप से झुलसी

 Prayagraj News: प्रयागराज नैनी बाज़ार में एक मकान में लगी भीषण आग, मां-बेटी गंभीर रूप से झुलसी

प्रयागराज के नैनी बाजार इलाके में मंगलवार रात एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, यह मकान राम लाल केसरवानी का बताया जा रहा है। मकान के नीचे “संजीवनी क्रॉकरी” नाम से दुकान संचालित होती है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद अचानक धमाका हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही घर में मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि आग विकराल होने पर तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर चार दमकल गाड़ियां पहुंचीं और देर रात तक आग बुझाने का अभियान जारी रहा।

घटना में संजीव की पत्नी अर्चना और उनकी 13 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के पुरुष सदस्य नीचे दुकान पर थे, जबकि महिलाएं घर के अंदर मौजूद थीं।

Share this story