प्रयागराज हत्याकांड का खुलासा, बेटा बना कातिल, दोस्त बना जल्लाद!
प्रयागराज। शहर के साउथ मलाका क्षेत्र में हुए चर्चित चारहरे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कारोबारी परिवार के तीन सदस्यों की हत्या परिवार के ही बेटे ने अपने एक मित्र के साथ मिलकर की थी। बाद में लूट के माल के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में मित्र ने आरोपी बेटे की भी हत्या कर दी।
पुलिस कमिश्नर ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य के पुत्र अभिषेक ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद दोनों घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। हालांकि लूट के माल के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद सनी ने अभिषेक की भी हत्या कर दी।
सिर कूंचकर की गई थी चारों की हत्या
मंगलवार को साउथ मलाका चौराहा स्थित मकान से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस ने कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अनीता वैश्य (65), बेटी मीनाक्षी (45) और बेटे अभिषेक (40) के शव अलग-अलग कमरों में बरामद किए। चारों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने संपत्ति विवाद और लूट की आशंका जताई थी। बाद की जांच में पूरा घटनाक्रम सामने आया।
करोड़ों की संपत्ति और किराये का था कारोबार
वीरेंद्र कुमार वैश्य साउथ मलाका स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहते थे। करीब 200 वर्ग गज क्षेत्रफल वाले इस भवन के भूतल पर 14 दुकानें बनी हुई हैं, जिनमें से अधिकांश किराये पर हैं। इन दुकानों से परिवार को प्रतिमाह एक लाख रुपये से अधिक की आय होती थी।
परिवार के अनुसार छोटे बेटे अश्वनी को लगभग 15 वर्ष पूर्व संपत्ति से बेदखल कर दिया गया था। वहीं अभिषेक और मीनाक्षी भी अपनी-अपनी दुकानों का संचालन करते थे।
संपत्ति से बेदखल किए जाने की आशंका बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में पता चला कि अभिषेक को आशंका थी कि पिता उसे भी संपत्ति से बेदखल करने की तैयारी कर रहे हैं। इसी नाराजगी में उसने अपने मित्र सनी गुप्ता के साथ मिलकर माता-पिता और बहन की हत्या की साजिश रची।
वारदात के बाद दोनों ने घर से जेवरात और अन्य कीमती सामान लेकर भागने की योजना बनाई, लेकिन लूट के माल के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान सनी ने अभिषेक की भी हत्या कर दी।
आरोपी दोस्त गिरफ्तार, जेवरात बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी सनी गुप्ता को हिरासत में ले लिया है। वह स्थानीय स्तर पर चाय की दुकान संचालित करता है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए आभूषण भी बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान सनी ने बताया कि अभिषेक ने ही उसे वारदात में शामिल किया था। आरोपी के अनुसार, जब अभिषेक ने लूट के सामान में हिस्सा देने से इनकार कर दिया तो दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने अभिषेक की हत्या कर दी।
पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
