सावन में श्रद्धालुओं के लिए नई व्यवस्था, मनकामेश्वर मंदिर में लागू हुआ ड्रेस कोड
प्रयागराज। सावन माह की शुरुआत से पहले प्रयागराज के प्राचीन श्री मनकामेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए नया ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गर्भगृह में प्रवेश कर रुद्राभिषेक, जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना केवल भारतीय पारंपरिक वेशभूषा में ही की जा सकेगी। जींस, टी-शर्ट, रिप्ड जींस, हाफ पैंट तथा अन्य आधुनिक परिधान पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मंदिर के महंत ब्रह्मचारी श्रीधरानंद जी महाराज ने बताया कि यह निर्णय सनातन, वैदिक एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप लिया गया है। उन्होंने कहा कि पूजा-अर्चना केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अनुशासन, शुचिता और मर्यादा से जुड़ी प्रक्रिया है। ऐसे में मंदिर की गरिमा और आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पारंपरिक वेशभूषा को अनिवार्य किया गया है।
महंत के अनुसार पुरुष श्रद्धालुओं को रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजन के दौरान धोती-कुर्ता पहनना होगा, जबकि महिलाओं को साड़ी या सलवार-सूट पहनकर ही गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक परंपराओं एवं मर्यादाओं का पालन करने की अपेक्षा की जाती है।
महंत श्रीधरानंद जी ने बताया कि इस वर्ष सावन माह में चार सोमवार पड़ रहे हैं। इनमें एक सोमवार को प्रदोष व्रत तथा दूसरे सोमवार को नाग पंचमी का विशेष संयोग बन रहा है, जिसके चलते लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए आने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। साथ ही प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
