प्रयागराज में आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों से मिले प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह
प्रभारी मंत्री ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से मृतक आश्रितों के खातों में प्रदेश सरकार की ओर से दी जाने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल अंतरित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का सर्वे कराकर पात्र लोगों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रभावित परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाए।

उन्होंने भूमिहीन परिवारों को पट्टा, पात्र लोगों को आवास योजना का लाभ, पेंशन योजना और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सरकार प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।
प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों को जल्द दुरुस्त करने तथा जनपद में बिजली आपूर्ति सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पेयजल, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द बहाल करने को कहा गया। सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने और बाधित मार्गों को खोलने के भी निर्देश जारी किए गए।
दौरे के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सांसद प्रवीण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधायक दीपक पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और अन्य अधिकारियों के साथ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
