मुरारी इंटर कॉलेज में मेधावियों का सम्मान, ट्रॉफी और मेडल पाकर खिले छात्रों के चेहरे
सहजनवा/गोरखपुर। मुरारी इंटर कॉलेज में शनिवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 एवं विद्यालय की वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। ट्रॉफी और मेडल पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रोफेसर गोविंद पाण्डेय रहे। विद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह ने मुख्य अतिथि को अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
मुख्य अतिथि प्रो. गोविंद पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम होती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य तय कर उसी दिशा में निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षा में विद्यालय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इंटरमीडिएट वर्ग में अविनाश मिश्रा ने प्रथम, ऋषभ ठाकुर ने द्वितीय और आशीष गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हाईस्कूल वर्ग में शुभम गुप्ता प्रथम, वैष्णवी सिंह द्वितीय तथा शिवम तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि शहीद रविन्द्र सिंह प्रतिभा खोज परीक्षा में छात्र शनि कुमार ने मंडल में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
इसके अलावा कक्षा 10 के छात्र प्रत्युष देव का लेख ‘ए स्टडी ऑन टूरेट सिंड्रोम’ अमेरिकन वेबसाइट एवं इंटरनेशनल जर्नल ऑफ साइंस एंड रिसर्च में प्रकाशित होना विद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम का संचालन विद्यासागर मिश्र ने किया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
