प्रयागराज में नए यमुना पुल से प्रेमी प्रेमिका हाथ पकड़कर कूदें लापता

प्रयागराज। प्रयागराज के नए यमुना पुल से प्रेमी-प्रेमिका ने हाथ पकड़कर नदी में छलांग लगा दी। बाढ़ की वजह से दोनों की बॉडी गहराई में चली गई। जल पुलिस और गोताखोर नदी में करीब 8 से 10 Km में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं। नदी में जाल भी डाला गया है। मगर अभी दोनों की बॉडी नहीं मिली।
जहां दोनों ने छलांग लगाई, वहां पानी में एक बैग उतराता हुआ मिला है। इस बैग में मिले 10वीं के सर्टिफिकेट से लड़की की पहचान हो सकी है। उसका नाम ज्योति गुप्ता है। वह करछना के बगुरा लकटहा की रहने वाली है।
लोग चिल्लाते रहे, लड़की-लड़का कूद गए। शनिवार की सुबह 7.30 बजे यमुना पुल पर एक लड़का और लड़की पहुंचे। उन्होंने पुल पर बनी रेलिंग को लांघकर दोनों पैर नदी की तरफ करके रेलिंग पर बैठ गए। उन्हें देख कर लोग चिल्लाने लगे। लोगों ने उन्हें रोकने की भी कोशिश की। कुछ लोग उन्हें पकड़ने के लिए दौड़े। तभी लड़की और लड़का एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी में कूद गए।
जब तक लोग उन तक पहुंच पाते, तब तक वह यमुना नदी की बीच धार में समा गए। नदी के करीब ही जल पुलिस के जवान और गोताखोर मौजूद थे। सूचना मिलते ही मोटर बोट की मदद से सुबह 8 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस ने लड़की के पिता राम आसरे गुप्ता को इस घटना की जानकारी दी है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ज्योति सिरसा के कन्या इंटर कॉलेज में पढ़ती है। उनके पिता राम आसरे मुंबई में प्राइवेट जॉब करते हैं। छात्रा अपनी नानी के घर खुटरिया पर गर्मी की छुट्टी में घूमने आई थी। यह भी पता चला कि वह बसही गांव में कोचिंग पढ़ती थी।
शनिवार को वह अपने कॉलेज जाने के लिए अकेले निकली थी। पुलिस ने परिवार को जानकारी भेज दी है। पिता मुंबई से प्रयागराज आ रहे हैं।
पुलिस ने कहा- लव अफेयर का मामला लग रहा।
कीड़गंज थाने के इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि ये लव अफेयर का मामला लग रहा है। लड़की 11वीं की छात्रा है। लड़के की पहचान नहीं हो सकी है। बाढ़ के कारण नदी उफान पर है। इसलिए बॉडी को ढूंढने में दिक्क्त हो रही है। लड़की के परिवार वालों के आने के बाद ही लड़के के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
प्रयागराज जल पुलिस इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ भी मौके पर पहुंचे। उनकी निगरानी में गोताखोरों ने काफी गहराई तक यमुना में उन्हें ढूंढा, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। जल पुलिस के मुताबिक, एक बैग पानी में उतराता मिला, उसमें एक डायरी और कुछ डाक्यूमेंट्स थे। जिन लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया था, उनसे भी पूछताछ की गई है।