प्रयागराज। झूंसी क्षेत्र के छतनाग वार्ड-45 स्थित हरिश्चंद्र रिसर्च इंस्टीट्यूट (एचआरआई) के कैंपस में तेंदुआ दिखाई देने से कर्मचारियों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है। बुधवार को कैंपस परिसर में तेंदुए के दिखाई देने की घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि तेंदुआ कैंपस के भीतर रास्ता पार करते हुए आसपास के जंगल की ओर चला गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद कैंपस में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ माह पहले भी तेंदुए को दो शावकों के साथ देखे जाने की बात सामने आई थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि तेंदुए ने मोर समेत कई अन्य जानवरों पर हमला कर उन्हें घायल किया है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी से आसपास रहने वाले लोगों में भय बना हुआ है।
वहीं, दो दिन पहले सरायइनायत थाना क्षेत्र के अजवैया गांव में भी ग्रामीणों ने तेंदुए और उसके दो शावकों को बाउंड्रीवाल पार कर जाते हुए देखने का दावा किया था। लगातार अलग-अलग स्थानों पर तेंदुए और शावकों की मौजूदगी सामने आने के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों की जानकारी कई बार वन विभाग को दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक तेंदुए और शावकों को पकड़ने की प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। लोगों को आशंका है कि यदि तेंदुआ आबादी वाले इलाके में पहुंचा तो किसी व्यक्ति पर हमला कर सकता है।
तेंदुए की लगातार मौजूदगी को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से तत्काल प्रभावी अभियान चलाकर तेंदुए और उसके शावकों को सुरक्षित पकड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलने के बाद जंगल और सुनसान रास्तों की ओर जाने में लोग डर रहे हैं। क्षेत्र में वन विभाग की टीम की सक्रिय निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।
