×

प्रयागराज में ‘खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन’ सेमिनार का आगाज, युवाओं को स्वदेशी अपनाने का संदेश

प्रयागराज में ‘खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन’ सेमिनार का आगाज, युवाओं को स्वदेशी अपनाने का संदेश

प्रयागराज। प्रयागराज में खादी को आधुनिक फैशन और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मण्डल स्तरीय सेमिनार का आयोजन किया गया। ‘खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ फाफामऊ विधायक गुरू प्रसाद मौर्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा किया गया, जिसमें खादी के प्रचार-प्रसार, डिजाइन, नवाचार और रोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विधायक गुरू प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि खादी केवल परिधान नहीं, बल्कि स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से खादी के आधुनिक स्वरूप को अपनाने और इसे फैशन के रूप में बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस सेमिनार का उद्देश्य खादी को पर्यावरण के अनुकूल और स्थायी विकल्प के रूप में स्थापित करना है।

इस अवसर पर बोर्ड की ओर से 10 निशुल्क पॉपकॉर्न मशीन और 10 दोना-पत्तल बनाने की मशीनों का वितरण किया गया, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही चयनित लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के फैशन डिजाइनिंग छात्रों द्वारा खादी वस्त्रों की आकर्षक प्रदर्शनी प्रस्तुत की गई, जिसने सभी का ध्यान खींचा। छात्रों ने खादी के नए डिजाइन और ट्रेंड को प्रदर्शित कर यह संदेश दिया कि खादी भी फैशन की दुनिया में पीछे नहीं है।

सेमिनार में विशेषज्ञों और अधिकारियों ने खादी उत्पादों के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता के महत्व पर जोर दिया। साथ ही लोगों से खादी अपनाकर स्वदेशी आंदोलन को मजबूत करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। 

Share this story