प्रयागराज में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट
प्रयागराज। प्रयागराज में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही। सुबह करीब 10 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और शहर के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। सिविल लाइंस सहित कई इलाकों में करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगीं, जिससे मौसम पूरी तरह सुहाना हो गया।
लगातार हुई बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख चौराहों, बाजारों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
बारिश के चलते जिले के अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक जिले में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर न जाने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
