×

प्रयागराज में बाढ़ का कहर, बेलन नदी के पुल पर संकट, सिरसा-कोरांव मार्ग बंद

प्रयागराज में बाढ़ का कहर, बेलन नदी के पुल पर संकट, सिरसा-कोरांव मार्ग बंद
बेलन नदी में तेज बहाव ने बढ़ाई मुश्किल, सिरसा-कोरांव हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रोकी

प्रयागराज। जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के बीच बेलन नदी उफान पर है। यमुनानगर क्षेत्र के कोरांव तहसील में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई स्थानों पर कटान की स्थिति पैदा हो गई है। इसी बीच सिरसा-कोरांव स्टेट हाईवे पर स्थित बेलन नदी के पुल के ज्वाइंट के पास गैप आने से पुल की संरचना प्रभावित हो गई। स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने एहतियातन पुल पर सभी प्रकार का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।

पुल पर आवागमन बंद होने से कोरांव का देवघाट क्षेत्र से संपर्क प्रभावित हो गया है। यह मार्ग उत्तर प्रदेश को मध्य प्रदेश से जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। ऐसे में पुल बंद होने के कारण दोनों राज्यों के बीच इस मार्ग से होने वाला यातायात भी पूरी तरह ठप हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। यात्रियों और वाहन चालकों को अब वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है।

तेज बहाव से पुल के ज्वाइंट में आया गैप

लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर राजीव चौबे के अनुसार, डैम से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद बेलन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। नदी में तेज बहाव और पानी के बढ़े दबाव के कारण पुल के ज्वाइंट में गैप उत्पन्न हुआ, जिससे पुल की संरचना प्रभावित हुई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 के बाद पहली बार बेलन नदी में इस स्तर पर पानी देखा गया है। पानी के अत्यधिक दबाव को देखते हुए पुल की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है। फिलहाल पुल पर सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

प्रशासन की नजर स्थिति पर

बेलन नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर और पुल की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पुल की सुरक्षा का आकलन करने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल आवागमन बंद रहने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Share this story