×

प्रयागराज में आंगनबाड़ी भर्ती का बड़ा आयोजन! 669 को नियुक्ति पत्र, 34 नए केंद्रों का लोकार्पण

प्रयागराज में आंगनबाड़ी भर्ती का बड़ा आयोजन: 669 को नियुक्ति पत्र, 34 नए केंद्रों का लोकार्पण

प्रयागराज।  प्रयागराज में महिला एवं बाल विकास को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया। लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में भी किया गया।

कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने इस कार्यक्रम को लाइव देखा। इस दौरान जनपद में विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

जनपद में कुल 669 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 34 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण और 79 नए केंद्रों का शिलान्यास किया गया, जिससे बाल विकास सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में फाफामऊ विधायक गुरू प्रसाद मौर्य एवं विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने नवचयनित कार्यकत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की महत्ता पर प्रकाश डाला।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां समाज की नींव को मजबूत करने का कार्य करती हैं। बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने सभी चयनित महिलाओं से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

जिला प्रशासन के अनुसार, नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को बेहतर पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।

इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के मार्गदर्शन एवं मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह के पर्यवेक्षण में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी समेत अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story