अबान अहमद का जनाजा आज प्रयागराज में, हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद उमर और अली होंगे शामिल
प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद (21) का शुक्रवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी स्थित खानदानी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
इसके लिए कब्रिस्तान में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अबान को उसके पिता अतीक अहमद की कब्र के पास दफनाया जाएगा।
जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जेल में बंद उसके दोनों भाइयों उमर अहमद और अली अहमद को पैरोल प्रदान की है। उमर फिलहाल लखनऊ जेल में जबकि अली झांसी जेल में बंद है। दोनों को कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया जाएगा।

कब्रिस्तान के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जनाजे को देखते हुए प्रयागराज के कसारी-मसारी इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। कब्रिस्तान और आसपास के क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
अतीक की कब्र के पास दफन होंगे अबान
अबान अहमद को उसी खानदानी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा, जहां पहले से उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ अहमद, भाई असद अहमद और अन्य पारिवारिक सदस्यों की कब्रें मौजूद हैं। जानकारी के अनुसार लगभग सात फीट गहरी कब्र तैयार की गई है।
शाइस्ता परवीन के आने पर बनी नजर
अबान की मां शाइस्ता परवीन वर्ष 2023 से फरार चल रही हैं। वह इससे पहले अतीक अहमद और बेटे असद अहमद के जनाजे में भी शामिल नहीं हो सकी थीं। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर हैं कि क्या वह अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होती हैं या नहीं। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
झांसी सड़क हादसे में हुई थी मौत
गुरुवार को अबान अहमद अपने चार साथियों के साथ झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। रास्ते में झांसी के पास हाईवे पर कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
डिप्टी सीएम के बयान पर भी चर्चा
अबान अहमद की मौत को लेकर पूछे गए सवाल पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया भी चर्चा में रही। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
