योगी का विपक्ष पर तंज! 'बबुआ 12 बजे तक सोते थे, 5 बजे जिम जाते थे', 2017 से पहले यूपी की बदहाली का किया जिक्र..
लखनऊ। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस (नेशनल हैंडलूम डे) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने बिना किसी का नाम लिए "बबुआ" कहकर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग जीवनभर बच्चे ही बने रहते हैं।
उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश की स्थिति बेहद खराब थी, जबकि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था, विकास और सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "बबुआ 12 बजे तक सोते थे, 2 बजे तक तैयार होते थे, 5 बजे जिम जाने का समय हो जाता था और शाम 7 बजे महफिल सज जाती थी। इसके बाद उनका देश-दुनिया से कोई संपर्क नहीं रहता था।"
उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना माना जा रहा है।
2017 से पहले की स्थिति का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में आए दिन दंगे होते थे और कई-कई महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। बिजली व्यवस्था चरमराई हुई थी, सड़कें खराब थीं और कानून व्यवस्था पूरी तरह कमजोर हो चुकी थी।
उन्होंने कहा कि उस समय न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी और न ही प्रदेश के हस्तशिल्प कारीगर। ऐसे माहौल में गरीबों का विकास संभव नहीं था।
वोट बैंक की राजनीति पर भी साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि जब हर योजना और हर निर्णय को केवल वोट बैंक की राजनीति के नजरिए से देखा जाता है, तब गरीबों का भला नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना होना चाहिए।
कानून व्यवस्था और विकास पर सरकार का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया है। बिजली, सड़क, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं में बड़े स्तर पर सुधार किए गए हैं, जिससे व्यापार, निवेश और रोजगार को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास और सुशासन की नई पहचान बना चुका है और सरकार इसी दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
