×

नेहा बोरा के निष्कासन की मांग को लेकर योगी सेना का प्रदर्शन

नेहा बोरा के निष्कासन की मांग को लेकर योगी सेना का प्रदर्शन

 लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के प्रयोग के विरोध में योगी सेना (भारत) ने सोमवार को हजरतगंज स्थित अटल चौराहे पर प्रदर्शन किया। संगठन ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की शोधार्थी एवं एआईएसए की अध्यक्ष नेहा बोरा के निष्कासन और उनकी स्कॉलरशिप समाप्त करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के उपाध्यक्ष मोहित मिश्रा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम संबोधित ज्ञापन पुलिस प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि नेहा बोरा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से संत समाज और सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

मोहित मिश्रा ने नेहा बोरा की कथित टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि सरकारी सुविधाओं और छात्रवृत्ति का लाभ लेने वाले शोधार्थियों को अपने सार्वजनिक बयानों में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा नेहा बोरा की छात्रवृत्ति समाप्त कर उन्हें विश्वविद्यालय से निष्कासित किया जाए।

उन्होंने कहा कि योगी सेना (भारत) मुख्यमंत्री के खिलाफ इस तरह की अमर्यादित भाषा को बर्दाश्त नहीं करेगी।

प्रदर्शन में संगठन के सचिव सूरज साहू, मंत्री विशाल तिवारी, सोशल मीडिया प्रभारी सत्यम शुक्ला, चंदन सिंह, युवराज सिंह, क्षितिज शुक्ला, मुकेश गुप्ता, आयुष, रोहित राजपूत, बाबू कश्यप और मनीष जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story