×

बदलने लगा मौसम का मिजाज, यूपी में रातें हुईं ठंडी, अगले सप्ताह तक गिरेगा न्यूनतम तापमान

बदलने लगा मौसम का मिजाज, यूपी में रातें हुईं ठंडी, अगले सप्ताह तक गिरेगा न्यूनतम तापमान
हरदोई में सबसे ठंडी रात, न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज, अगले एक सप्ताह तक दिन में धूप और रात में बढ़ेगी ठिठुरन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। चक्रवात का असर समाप्त होने के बाद प्रदेश में मौसम साफ हो गया है और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और शाम के साथ अब रात में भी ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। इससे सर्दी की शुरुआत के संकेत मिलने लगे हैं।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरदोई, कानपुर, इटावा, मुजफ्फरनगर और मेरठ समेत प्रदेश के 20 जिलों में रात का तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। हरदोई में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं, फर्रुखाबाद और मुरादाबाद में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे और गिरावट आने की संभावना है। इससे रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। हालांकि, अगले एक सप्ताह तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में दिन के समय धूप खिली रहेगी और अधिकतम तापमान लगभग स्थिर बना रहेगा। इसके विपरीत रात के तापमान में मामूली गिरावट जारी रहने से सुबह और देर शाम ठंड का एहसास अधिक होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को दिन में हल्की गर्मी और रात में बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

Share this story