×

UP Election 2027: प्रदेशभर में चुनावी माहौल बनाने में जुटे सीएम योगी, 219 विधानसभा क्षेत्रों तक बनाई सीधी पहुंच

 UP Election 2027: प्रदेशभर में चुनावी माहौल बनाने में जुटे सीएम योगी, 219 विधानसभा क्षेत्रों तक बनाई सीधी पहुंच
CM योगी ने 45 दिन में 219 सीटों पर ‘सेट कीं गोटियां’, विपक्ष दिल्ली में व्यस्त

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर संगठन और सरकार दोनों स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। बीते लगभग 45 दिनों में उन्होंने प्रदेश के सभी 18 मंडलों का भ्रमण करते हुए 41 जिलों के करीब 219 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच बनाई है। वहीं, विपक्षी दलों की तुलना में उनकी जमीनी सक्रियता अधिक दिखाई दे रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल के सप्ताहों में बिजनौर, गाजियाबाद, आगरा, झांसी, मैनपुरी, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई जिलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया, जनसभाओं को संबोधित किया, योजनाओं की समीक्षा की तथा जनता से सीधे संवाद स्थापित किया। इसके साथ ही वे पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों, प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात और जनता दर्शन जैसे कार्यक्रमों में भी लगातार शामिल होते रहे।

मुख्यमंत्री अब तक जिन 41 जिलों में पहुंचे हैं, उनमें चित्रकूट, इटावा, मैनपुरी, आगरा, जालौन, फतेहपुर, गोरखपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बाराबंकी, संभल, अमरोहा, बुलंदशहर, गाजियाबाद, बिजनौर, शामली, कुशीनगर, बस्ती, अयोध्या, बांदा, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सहारनपुर, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, हाथरस, गौतमबुद्ध नगर, देवरिया, संतकबीरनगर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर, आजमगढ़, वाराणसी, बलरामपुर, मऊ और लखनऊ शामिल हैं।

वहीं, विपक्षी दलों की सक्रियता अपेक्षाकृत सीमित दिखाई दे रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मार्च 2026 में दादरी में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया था, जिसे पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत माना गया। इसके बाद वे प्रेस वार्ताओं, सोशल मीडिया और पार्टी कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार पर हमलावर रहे, लेकिन बड़े पैमाने पर लगातार जनसभाओं का क्रम अपेक्षाकृत कम देखने को मिला।

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की अंतिम बड़ी सार्वजनिक रैली 9 अक्टूबर 2025 को लखनऊ स्थित कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित हुई थी। इसके बाद पार्टी की सार्वजनिक चुनावी सभाएं सीमित रही हैं और उसकी सक्रियता मुख्य रूप से सोशल मीडिया एवं संगठनात्मक गतिविधियों तक केंद्रित दिखाई दी है।

इधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अधिकतर राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक गतिविधियों और दिल्ली केंद्रित कार्यक्रमों में व्यस्त नजर आए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान हल्के अंदाज में कहा कि जब तक विपक्ष एक बार प्रदेश का दौरा करेगा, तब तक वह चार बार प्रदेश का भ्रमण कर चुके होंगे। उन्होंने इसे 80:20 के अनुपात का उदाहरण बताते हुए अपनी लगातार सक्रियता का उल्लेख किया।

Share this story