×

क्रिकेटर बनने की राह में गरीबी नहीं बनेगी बाधा, प्रिंस की मदद को आगे आए CM योगी

क्रिकेटर बनने की राह में गरीबी नहीं बनेगी बाधा, प्रिंस की मदद को आगे आए CM योगी

 लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान गोंडा के एक होनहार छात्र को उसके क्रिकेटर बनने के सपने को साकार करने में मदद का भरोसा दिया। इटियाथोक क्षेत्र के पड़री पारासराय गांव निवासी कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर क्रिकेटर बनने की अपनी इच्छा जाहिर की। उसने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण क्रिकेट किट खरीदने और कोचिंग की फीस का खर्च उठाना उसके लिए मुश्किल है।

छात्र की बात सुनकर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उसे प्रोत्साहित किया। उन्होंने प्रिंस को पढ़ाई के साथ खेल जारी रखने की सलाह दी और कहा कि फिलहाल उसे अपनी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कक्षा-8 का सत्र अच्छे अंकों से उत्तीर्ण करने के बाद सरकार की ओर से क्रिकेट कोचिंग में दाखिला दिलाने में मदद की जाएगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए छात्र से कहा, ''बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। खूब खेलो, लेकिन पढ़ाई-लिखाई भी जरूरी है।'' मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से छात्र और उसके परिजनों को उम्मीद की नई किरण मिली।

जरूरतमंदों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता का भरोसा

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद का इलाज बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अस्पताल से एस्टीमेट उपलब्ध कराने पर पात्र लोगों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष अथवा अन्य संबंधित सरकारी व्यवस्था के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और तत्परता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए और फरियादियों को उनकी समस्या के समाधान से संतुष्टि मिलनी चाहिए। जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जनता दर्शन में एक ओर जहां मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चे के खेल के सपने को संवारने का भरोसा दिया, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंदों के इलाज और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

Share this story