नर्सेज़ संघ ने स्थगित किया आन्दोलन, प्रमुख सचिव के आश्वासन के बाद लिया फैसला
लखनऊ। राजकीय नर्सेज़ संघ, उत्तर प्रदेश ने शासन के साथ हुई सकारात्मक वार्ता के बाद अपने पूर्व घोषित आन्दोलन कार्यक्रम को अग्रिम आदेशों तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। गुरुवार, 12 नवंबर 2026 को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव के साथ संघ के प्रतिनिधिमंडल की सौहार्दपूर्ण वातावरण में वार्ता हुई। इस दौरान नर्सेज़ की 13 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वार्ता में संघ की अध्यक्ष शर्ली भण्डारी, महामंत्री अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष गिताशु वर्मा और चिकित्सा शिक्षा अध्यक्ष श्रीमती वीना त्रिपाठी शामिल रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने नर्सेज़ की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को प्रमुख सचिव के समक्ष रखा।

प्रमुख सचिव ने बताया कि उन्हें पदभार संभाले अभी लगभग एक से डेढ़ माह ही हुआ है। ऐसे में मांगों के निस्तारण के लिए कुछ समय दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने नर्सेज़ की जायज मांगों के प्रति सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान का आश्वासन भी दिया।
प्रमुख सचिव के आश्वासन और सकारात्मक पहल से संतुष्ट संघ ने आन्दोलन को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ ने विश्वास जताया कि शासन के सहयोग और प्रमुख सचिव के कुशल नेतृत्व में सभी 13 सूत्रीय मांगों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाएगा।

संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि वह नर्सेज़ हितों के साथ-साथ शासन के साथ सहयोग और संवाद बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
