यूपी में अगले छह दिन झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश के तराई क्षेत्र सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार (17 जुलाई) से बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। आगामी 22 जुलाई तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने दक्षिणी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक सोनभद्र, चंदौली, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर और बलिया में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन को सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। ग्रामीण और नदी किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
