शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक में डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की राज्य परिषद की बैठक रविवार को राजधानी लखनऊ स्थित गांधी सभागार में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान पूर्व शिक्षक एमएलसी एवं वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र को सर्वसम्मति से संघ का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया गया। उनके मनोनयन की घोषणा के बाद मौजूद शिक्षक प्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वागत किया।
बैठक में संगठन को जनपद से लेकर विद्यालय स्तर तक और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। शिक्षक प्रतिनिधियों ने शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को संगठन के स्तर पर प्रमुखता से उठाने की आवश्यकता बताई। इसके लिए विद्यालय-विद्यालय संपर्क अभियान चलाने और संगठनात्मक गतिविधियों को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
वाराणसी खंड के शिक्षकों के बीच संपर्क अभियान को गति देने पर भी विशेष चर्चा हुई। इसके तहत विद्यालयों में जाकर शिक्षकों से संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं की जानकारी लेने तथा संगठन को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने के साथ संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद और संपर्क को संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।
