×

कांवड़ यात्रा और बाढ़ को लेकर सीएम योगी हाई अलर्ट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा और बाढ़ को लेकर सीएम योगी हाई अलर्ट, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कांवड़ यात्रा, बाढ़, सूखा, कानून-व्यवस्था तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ संघों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें और यात्रा मार्गों पर स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर तथा खाद्य सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों, प्रमुख मंदिरों और घाटों पर ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों तथा पुलिस पेट्रोलिंग के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया की भी लगातार मॉनिटरिंग की जाए तथा फेक न्यूज और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध तत्काल एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चकबंदी से जुड़े विवादों का समाधान पूरी निष्पक्षता और मेरिट के आधार पर किया जाए, ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो। सार्वजनिक वितरण प्रणाली में अनियमितताओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कोटेदारों के उत्पीड़न, ओवर बिलिंग और भ्रष्टाचार के मामलों में विजिलेंस जांच कराने के निर्देश भी दिए।

बाढ़ एवं सूखे की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कम वर्षा वाले क्षेत्रों में उपलब्ध सिंचाई संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही तीन दिनों के भीतर सभी राहत शिविरों को पूरी तरह तैयार करने, बच्चों के लिए दूध एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में बड़ी नौकाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिलाधिकारी स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा तटबंधों की 24 घंटे पेट्रोलिंग कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति की जानकारी प्रत्येक घंटे मुख्यमंत्री कार्यालय, पुलिस मुख्यालय तथा राहत एजेंसियों को उपलब्ध कराई जाए। राज्य स्तरीय डैशबोर्ड पर सभी जिलों की स्थिति रियल टाइम अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित 44 जिलों में राहत शिविर, मेडिकल टीमें तथा बचाव बल पूरी तरह सक्रिय रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

Share this story