×

जबरन मजदूरी का विरोध करने पर युवक की बेरहमी से पिटाई, मां ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

जबरन मजदूरी का विरोध करने पर युवक की बेरहमी से पिटाई, मां ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
 

गोरखपुर। सहजनवा क्षेत्र में जबरन मजदूरी कराने और विरोध करने पर युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की मां ने गीडा थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ट्रैक्टर चलाने के बहाने ले गया ईंट भट्ठे

जानकारी के अनुसार गीडा थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी शीला देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके 20 वर्षीय बेटे सनी को गांव के ही रहने वाले कमलकांत चौबे ट्रैक्टर-ट्रॉली चलाने के बहाने ईंट भट्ठे पर लेकर गए थे।

परिजनों के मुताबिक सनी को केवल 4 दिन काम कराने की बात कही गई थी, लेकिन समय पूरा होने के बाद भी उसे वापस नहीं आने दिया गया।

जबरन 12 दिन तक कराया काम

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि युवक से जबरन करीब 12 दिनों तक मजदूरी कराई गई और उसकी मेहनताना भी नहीं दी गई। जब सनी ने घर लौटने की बात कही तो उसे डराया-धमकाया गया। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे सनी किसी तरह भट्ठे से निकलकर घर लौट रहा था।

रास्ते में रोककर की बेरहमी से पिटाई

आरोप है कि रास्ते में गांव के ही कमलकांत चौबे और टोलू चौबे ने उसे रोक लिया। दोनों ने युवक को जमीन पर पटककर लात-घूसों से जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मारपीट के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर परिवार को पुलिस में शिकायत न करने की धमकी भी दी।

“शिकायत की तो पूरे परिवार को मार देंगे”

पीड़ित की मां का आरोप है कि दबंगों ने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा।घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।

मामले की तहरीर मिलने के बाद गीडा थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story