×

निजी भूमि की दीवार गिराने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, लेखपाल-कानूनगो की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

निजी भूमि की दीवार गिराने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, लेखपाल-कानूनगो की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

खजनी, गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत भादरखी में निजी भूमि की दीवार गिराए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने लेखपाल और कानूनगो की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी नंबर की भूमि पर निर्माणाधीन दीवार को लेखपाल और कानूनगो की कार्रवाई के दौरान गिरा दिया गया। वहीं, दीवार के समीप स्थित ग्राम सभा की भूमि पर विपक्षी द्वारा कथित रूप से किए गए कब्जे के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में असंतोष है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ग्राम सभा की भूमि पर अतिक्रमण है तो उसे भी नियमानुसार हटाया जाना चाहिए।

ग्राम प्रधान भादरखी विवेक चौधरी ने बताया कि मौके पर कोई पैमाइश नहीं की गई और न ही लेखपाल-कानूनगो की ओर से उन्हें मौके पर बुलाया गया। प्रधान का आरोप है कि बिना मजिस्ट्रेट के आदेश के निर्माणाधीन दीवार गिराया जाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हल्का लेखपाल का कहना है कि ग्राम सभा की बंजर भूमि पर हुए अतिक्रमण को जल्द खाली कराया जाएगा।

नोट: निजी भूमि की दीवार गिराए जाने और ग्राम सभा की भूमि पर कथित कब्जे से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। 

Share this story