×

खाद गड्ढे की भूमि पर जबरन रास्ता निर्माण का आरोप, ग्रामीणों में रोष

खाद गड्ढे की भूमि पर जबरन रास्ता निर्माण का आरोप, ग्रामीणों में रोष
तहसीलदार ने पैमाइश के बाद केवल खाद गड्ढा खोदने का दिया था निर्देश, एसडीएम से शिकायत
 

सहजनवां (गोरखपुर)। सहजनवां तहसील क्षेत्र के अमटौरा गांव में खाद गड्ढे की भूमि और निजी जमीन पर कथित रूप से जबरन रास्ता निर्माण कराए जाने का मामला सामने आया है। ग्राम प्रधान के पति पर रात के समय निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से शिकायत कर न्याय की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, अमटौरा निवासी गिरीश चंद श्रीवास्तव, पुत्र स्वर्गीय श्याम नारायण लाल श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि उनके घर के बगल में उनकी निजी भूमि स्थित है, जिसके समीप ग्राम समाज की खाद गड्ढे की भूमि है। उनका कहना है कि प्रधान पति उक्त भूमि पर जबरन रास्ता बनवाना चाहते थे। विरोध करने पर कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया था।

पीड़ित के अनुसार, मामले की शिकायत के बाद एसडीएम सहजनवां ने तहसीलदार को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। तहसीलदार ने स्थल पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश कराई और केवल खाद गड्ढे की भूमि की खुदाई कराने का निर्देश दिया था।

आरोप है कि कुछ दिनों बाद, जब पीड़ित घर पर मौजूद नहीं था, तब 8 और 9 मई की रात में प्रधान पति ने कथित रूप से निजी भूमि तथा खाद गड्ढे की जमीन पर जबरन रास्ते का निर्माण करा दिया। गिरीश चंद श्रीवास्तव का कहना है कि जब उन्हें इसकी जानकारी हुई और उन्होंने विरोध किया, तो उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।

घटना को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम समाज की भूमि से जुड़े मामलों में प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

इस संबंध में उपजिलाधिकारी सहजनवां केशरी नंदन तिवारी ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष की निगाहें अब प्रशासनिक जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share this story