×

धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस सतर्क, मूर्ति आयोजकों के साथ की बैठक

 *एसपी सिटी निमिष पाटील ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश*

गोरखपुर। आगामी धनतेरस, श्री लक्ष्मी-गणेश पूजा और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील ने कैंट थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आयोजकों से बातचीत कर त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

बैठक में एसपी सिटी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पूजा पंडालों और प्रतिमा स्थापना स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में आयोजक सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। पूजा स्थलों पर आने-जाने के रास्तों को व्यवस्थित रखा जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी न हो। साथ ही यातायात व्यवस्था प्रभावित न होने देने के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएं।

 

उन्होंने आयोजकों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा। किसी भी तरह की समस्या, विवाद अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।

बैठक में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story