नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का मुख्यमंत्री योगी ने किया शुभारंभ
9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, कुपोषण के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर
गोरखपुर। नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑनलाइन किया। इस दौरान विकास भवन सभागार से जिलाधिकारी दीपक मीणा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े। पोषण माह 9 सितंबर से 9 अक्टूबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने कुपोषण दूर करने के लिए संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों, किशोरियों, गर्भवती और धात्री महिलाओं को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना स्वस्थ समाज के लिए जरूरी है। पोषण के प्रति जागरूकता को सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए परिवार और समुदाय तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पोषण माह के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के वजन और स्वास्थ्य की निगरानी, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण संबंधी जानकारी, संतुलित आहार और स्वच्छता के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी और परिणामपरक ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान में खानापूर्ति न हो और योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं तक पहुंचे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपने क्षेत्र के पात्र परिवारों से लगातार संपर्क बनाए रखने और पोषण संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अभिनव मिश्रा ने बताया कि पोषण माह की सभी गतिविधियां निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कुपोषण से लड़ने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सतीश सिंह, परियोजना निदेशक दीपक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
