×

अर्बन फ्लड नियंत्रण योजना के तहत आयुक्त ने सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

गोरखपुर में अर्बन फ्लड नियंत्रण योजना के तहत नगर आयुक्त अजय जैन ने सुमेर सागर से इलाहीबाग पंपिंग स्टेशन तक प्रस्तावित बड़े नाले का निरीक्षण किया। अधिकारियों को नालों की तल्लीझाड़ सफाई और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

गोरखपुर। अर्बन फ्लड नियंत्रण योजना के तहत शुक्रवार, 03 जुलाई को नगर आयुक्त अजय जैन ने सुमेर सागर से एडी मॉल होते हुए इलाहीबाग पंपिंग स्टेशन तक प्रस्तावित बड़े नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता अमित शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सुमेर सागर पोखरा से तिवारी हाता के पास टीन घर पुलिया, सावित्री हॉस्पिटल के पास, आरती देवी पुलिया, थवई पुल होते हुए मीनारा मस्जिद के सामने से डॉ. अजीज पुलिया तक नाले की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नाले की समुचित तल्लीझाड़ सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

नगर आयुक्त ने कहा कि अर्बन फ्लड नियंत्रण योजना के तहत सभी प्रमुख नालों की नियमित सफाई और निगरानी आवश्यक है, जिससे शहर में जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Share this story