उरुवा में तेज रफ्तार ऑटो ने परिवार को मारी टक्कर, दो वर्षीय बच्चे की मौत
गोरखपुर। उरुवा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार माह की बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर सिकरीगंज की ओर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पिपरा पांडेय निवासी विनय पांडेय नोएडा की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। वह दो दिन पहले छुट्टी लेकर घर आए थे। गुरुवार सुबह वह अपनी पत्नी श्वेता पांडेय को उपचार के लिए गोरखपुर ले जाने की तैयारी कर रहे थे। परिवार के लोग घर के बाहर सड़क किनारे कार में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उरुवा की ओर से तेज रफ्तार ऑटो आया और अनियंत्रित होकर परिवार के लोगों को टक्कर मार दी।
हादसे में विनय के दो वर्षीय बेटे देवांश को गंभीर चोट आई। परिवार के लोग और स्थानीय ग्रामीण उसे लेकर उरुवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, विनय की बहन पुनीता की चार माह की बेटी तृषा के हाथ में चोट लगने के साथ फ्रैक्चर हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। हादसे में सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे अमोढ़ा निवासी श्रवण सिंह समेत अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी है।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर उरुवा थानाध्यक्ष श्यामदेव चौधरी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक विनय की पत्नी श्वेता का करीब डेढ़ माह पहले ऑपरेशन हुआ था और टांकों में परेशानी के कारण उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जाना था। इसी बीच हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
बताया गया कि देवांश के दादा सागर पांडेय और दादी तारा पांडेय रविवार को तीर्थ यात्रा पर जाने वाले थे। इसी कारण परिवार और रिश्तेदार घर पर जुटे थे। देवांश की मौत के बाद दादी तारा पांडेय समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ऑटो चालक की पहचान, गिरफ्तारी और हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
