×

गोरखपुर में अवैध असलहा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और बाल अपचारी गिरफ्तार

गोरखपुर में अवैध असलहा नेटवर्क पर पुलिस की कार्रवाई, दो युवक और बाल अपचारी गिरफ्तार

गोरखपुर। गोरखपुर में अवैध हथियारों की सप्लाई के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खोराबार थाना क्षेत्र से दो युवकों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, पिस्टल, कारतूस और स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है। जांच के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क के तार बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों तक पहुंचने की जानकारी मिली है।

पुलिस लाइन के व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी/सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर खोराबार पुलिस ने कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल खान निवासी डिबिया, थाना कैंट और मो. शमी निवासी दिव्यनगर रानीडीहा, थाना कैंट के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने पकड़ा।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, 32 बोर की पिस्टल, मैगजीन और 7.65 बोर का जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP 53 BF 2735 भी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अवैध असलहा सप्लाई करने वाले नेटवर्क के बारे में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि जिस नेटवर्क से पकड़े गए आरोपियों तक हथियार पहुंचे, उसी स्रोत से पहले चिलुआताल थाना क्षेत्र में हुई हत्या में इस्तेमाल हथियार भी पहुंचने का दावा किया जा रहा है।

चिलुआताल हत्याकांड की कड़ी भी खंगाल रही पुलिस

17 मार्च 2026 को चिलुआताल थाना क्षेत्र में राज कुमार चौहान की गोली और चाकू मारकर हत्या की घटना हुई थी। पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल दो अवैध पिस्टल बरामद करते हुए मनीष यादव और सचिन यादव को गिरफ्तार किया था। अब पुलिस इस मामले को भी अवैध असलहा सप्लाई नेटवर्क की जांच से जोड़कर उसकी कड़ियों को खंगाल रही है।

पुलिस के अनुसार, इससे पहले एसटीएफ गोरखपुर और एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में श्रेयांश यादव उर्फ बबलू, अजीत यादव, अभिषेक गौड़ उर्फ भेली, अभिषेक प्रजापति उर्फ अभी और राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से पिस्टल, रिवाल्वर और कारतूस बरामद किए गए थे।

इसके अलावा संतकबीरनगर में चंद्र प्रकाश सिंह उर्फ चंदन सिंह और कुशीनगर के कप्तानगंज क्षेत्र में मोहम्मद आसिफ की गिरफ्तारी भी अवैध पिस्टल के मामलों में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इन कार्रवाइयों के बाद पूछताछ में असलहा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आई।

18 गिरफ्तारियां, 14 अवैध हथियार बरामद

गोरखपुर पुलिस का दावा है कि इस पूरे नेटवर्क से जुड़े मामलों में अब तक 18 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अभियान के दौरान कुल 14 अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब नेटवर्क के मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

खोराबार मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 471/2026 के तहत धारा 55, 61 बीएनएस और 9/25(1ए) आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध हथियारों की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर अवैध असलहा नेटवर्क के तार बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों तक पहुंचने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि गोरखपुर और आसपास के जिलों में आपराधिक घटनाओं में बरामद हथियारों का इस नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं।

पुलिस ने संकेत दिया है कि असलहा तस्करी की सप्लाई चेन में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this story