हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता का जयघोष, सहजनवां में निकली विशाल तिरंगा यात्रा
गोरखपुर, सहजनवां। राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम का संदेश लेकर सहजनवां में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुरारी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं की बड़ी भागीदारी वाली इस यात्रा का नेतृत्व सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल ने किया। भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में यात्रा में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा थाना चौराहे से शुरू होकर घघसरा मोड़, सब्जी मंडी और तहसील रोड होते हुए पुनः थाना परिसर पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन किया गया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की।
मुरारी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने यात्रा में विशेष उत्साह दिखाया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के माहौल से गूंज उठा। विद्यार्थियों की अनुशासित और उत्साहपूर्ण भागीदारी यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कहा कि तिरंगा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की अमर गाथा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से अमर बलिदानियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ ही राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
विधायक प्रदीप शुक्ल ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में मुरारी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेजर साकेत, उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, प्रवक्ता जयराज सिंह, सेकंड ऑफिसर सूर्य प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य डॉ. आर.डी. सिंह, चेयरमैन संजू सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष छोटेलाल मौर्य, जिला महामंत्री राजा राम कनौजिया, अभिमन्यु मौर्य समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
