महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में ऑपरेशन सिंदूर की प्रथम वर्षगांठ पर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि
गोरखपुर। महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) 102 यूपी बटालियन द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” की प्रथम वर्षगांठ पर भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत वक्तव्यों के माध्यम से वीर जवानों के साहस और बलिदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के संघर्ष और बलिदान को भावनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया। फिल्म के दौरान सभागार राष्ट्रभक्ति के माहौल से गूंज उठा।
मुख्य वक्ता जिला प्रचारक सिंहपाल सिंह ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की असली शक्ति उसके नागरिकों के चरित्र, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा में निहित होती है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल सैन्य अभियान नहीं, बल्कि भारत की अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, सेवा और समर्पण का भाव अपनाने का आह्वान किया।
सिंहपाल सिंह ने कहा कि सीमा पर तैनात सैनिक पूरे राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करते हैं। ऐसे वीर जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
आयुर्वेद प्राचार्य डॉ. गिरिधर वेदान्तंम ने कहा कि देश के सैनिक आधुनिक भारत के वास्तविक नायक हैं, जिनके त्याग और समर्पण से राष्ट्र सुरक्षित और मजबूत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।
एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. संदीप कुमार श्रीवास्तव ने “ऑपरेशन सिंदूर” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, बल्कि राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का संचालन कैडेट शनि जायसवाल ने किया, जबकि नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर सागर जायसवाल ने किया।
इस अवसर पर सार्जेंट विकास यादव, अतिका तिवारी, आकांक्षी राय, दीप्ति सिंह, प्राची राय, नैन्शी श्रीवास्तव, अभिषेक मिश्रा, आलोक दीक्षित, अरुण विश्वकर्मा, अंश पाल, गुड़िया कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में कैडेट्स एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
