रक्तदान के साथ आईटीएम में पौधरोपण, युवाओं को दिया सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश
सहजनवा। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा में रोटरी क्लब गोरखपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनमें सामाजिक सेवा और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज की डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि रोटरी क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष प्रवीर आर्य ने कहा कि रोटरी क्लब सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में लगातार सक्रिय रहा है। आईटीएम के साथ आयोजित यह शिविर मानव सेवा की दिशा में सार्थक पहल है।

आईटीएम के निदेशक डॉ. एनके सिंह ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मानित करने के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि रक्तदान और पौधरोपण जैसे आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं।
इस अवसर पर परिसर में पौधरोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना त्रिपाठी सहित अन्य अतिथियों ने पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम है, जबकि पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में आईटीएम अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया, संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल, फार्मेसी निदेशक डॉ. पीडी पांडा, डीन रिसर्च डॉ. वीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. निधि गुप्ता, विभागाध्यक्ष श्वेता सिंह, रोटरी क्लब के शुभेंदु श्रीवास्तव, डॉ. रीना त्रिपाठी, प्रखर रंजन, मनकेश्वर, डॉ. धीरज कुमार, सचिन कुमार और सुजाता दास सहित शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
