×

गोरखपुर में यातायात सुरक्षा माह का आगाज, डीआईजी और एसएसपी ने वाहन चालकों को पहनाए हेलमेट

बिना हेलमेट वाहन चला रहे चालकों को रोककर किया जागरूक, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन की दी हिदायत

गोरखपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और हादसों में होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से गोरखपुर में सोमवार को यातायात सुरक्षा माह-2026 का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनाए और सुरक्षित यातायात के लिए नियमों का पालन करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान डीआईजी और एसएसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक यातायात नियमों का पालन करके रोका जा सकता है। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में ड्राइविंग नहीं करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने से बचने की हिदायत दी।

यातायात सुरक्षा माह के तहत तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए इंटरसेप्टर वाहन की मदद ली जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों को चिह्नित कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही वाहन चालकों को तेज रफ्तार से होने वाले हादसों और उनके गंभीर परिणामों के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस की ओर से जिले के विभिन्न विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जाएगी। खासतौर पर हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरों के बारे में बताया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यातायात सुरक्षा माह का मकसद केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाना है। हालांकि, नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वयं के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share this story