×

एक माह तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

एक माह तक होंगे 13 प्रमुख कार्यक्रम, डीएम ने अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’...

गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से जुड़ी जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों और गरीब एवं वंचित वर्गों सहित समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा जाएगा।

अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अभियान के प्रभावी संचालन के लिए राज्य, जिला और स्थानीय स्तर पर विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। डीएम ने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियां तय कर समय से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

योजनाओं से लाभान्वित लोगों, प्रमुख उपलब्धियों, कार्यक्रमों और जनभागीदारी से जुड़ी जानकारी का राज्यस्तरीय डेटा-बैंक भी तैयार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आंकड़ों का तथ्यपरक और प्रमाणिक तरीके से संकलन करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 17 सितंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रमों के स्थल, प्रतिभागियों, प्रचार-प्रसार और अन्य व्यवस्थाओं को समय से अंतिम रूप दिया जाए तथा आयोजन की नियमित निगरानी की जाए।

उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-2047’ का संकल्प प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होगा और अभियान के माध्यम से गांव, कस्बे तथा शहर के विभिन्न वर्गों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जाए।

Share this story