शादी से पहले घर में बड़ी चोरी, 20 लाख के जेवर और नकदी ले गए चोर
गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र के रमपुरवा गांव में शादी वाले घर को चोरों ने निशाना बना लिया। सोमवार की देर रात पहली मंजिल की खिड़की के रास्ते घर में दाखिल हुए अज्ञात चोरों ने आलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर करीब 20 लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह परिवार की एक बहू के सोकर उठने पर हुई। घर में सामान बिखरा देखकर परिवार में हड़कंप मच गया।
आशापार ग्राम पंचायत के रमपुरवा निवासी विश्राम पुत्र रामबली के घर आगामी नवंबर में बेटे की शादी होनी है। शादी को लेकर परिवार तैयारियों में जुटा था। इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक, चोर घर से हार, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, कान की बालियां, झुमके, करधन, पाजेब और पायल समेत करीब 20 लाख रुपये के कीमती आभूषण तथा 25 हजार रुपये नकद ले गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को दी गई। इसके बाद खजनी पुलिस की टीम सब इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना की जांच शुरू की।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के दो दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद परिवार के लोग गोरखपुर एसएसपी कार्यालय पहुंचे और प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। वहां से उन्हें क्षेत्राधिकारी खजनी के पास भेजा गया। पीड़ित विश्राम ने दोपहर करीब एक बजे क्षेत्राधिकारी खजनी दीपांशी राठौर को प्रार्थनापत्र सौंपकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
क्षेत्राधिकारी दीपांशी राठौर ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। घटना की जांच कराई जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
