एनसीसी के दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-174 का शुभारंभ, कैडेटों को मिलेगा सैन्य प्रशिक्षण
सहजनवा (गोरखपुर)। 44 यू.पी. बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के तत्वावधान में गीडा स्थित बुद्ध इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-174 का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 25 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस दस दिवसीय शिविर में बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं। शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल रमन तिवारी ने एनसीसी के उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए कैडेटों में अनुशासन, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कैडेटों से शिविर के प्रत्येक प्रशिक्षण सत्र में पूरी निष्ठा, गंभीरता और अनुशासन के साथ प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
कैंप कमांडेंट ने शिविर के दौरान निर्धारित नियमों, अनुशासनात्मक व्यवस्थाओं और आचरण संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी दी। उन्होंने हथियार प्रशिक्षण और फायरिंग अभ्यास के दौरान सावधानी एवं जिम्मेदारी के महत्व को समझाते हुए कैडेटों को प्रशिक्षण के प्रत्येक चरण को गंभीरता से सीखने के लिए प्रेरित किया।

दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कैडेटों को आत्मरक्षा, शस्त्र प्रशिक्षण, मानचित्र अध्ययन, ड्रिल, व्यक्तित्व विकास, सैन्य जीवन की मूलभूत जानकारी, नेतृत्व विकास और राष्ट्रसेवा जैसे विषयों पर व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके माध्यम से कैडेटों में टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व कौशल विकसित करने पर विशेष जोर रहेगा।
कार्यक्रम में मेजर साकेत, मेजर डी.एन. मौर्या, लेफ्टिनेंट अनुपम सिंह, लेफ्टिनेंट वंदिता त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट सुभाष चन्द्र, सेकंड ऑफिसर सोहेल गुप्ता, सूबेदार मेजर एम.एल. अब्राहम, सूबेदार कवराज भाटी, जीसीआई आरुषा पाण्डेय, सीटीओ अर्जुन यादव, नीला चैटर्जी सहित पीआई स्टाफ के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह प्रशिक्षण शिविर कैडेटों को सैन्य जीवन की कार्यप्रणाली और बारीकियों से परिचित कराने के साथ ही उनमें अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और देश के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने का अवसर प्रदान करेगा।
