चांदपार में 19 वर्षीय युवती का कमरे में मिला शव, पंखे से लटका था शव
हरपुर बुदहट, गोरखपुर। थाना हरपुर बुदहट क्षेत्र के ग्राम चांदपार में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 19 वर्षीय युवती का शव उसके कमरे में पंखे से लटका मिला।
मृतका की पहचान गांव निवासी राजकुमार प्रजापति की पुत्री उजाला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, उजाला बुधवार रात अपने कमरे में सोने गई थी। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर युवती पंखे से लटकी दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने फील्ड यूनिट और वीडियोग्राफी टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी करते हुए जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, कमरे में प्रवेश के लिए दरवाजे के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं मिला। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिवार में मातम है, जबकि गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।
