×

स्पोर्ट्स कॉलेज-फर्टिलाइजर रोड चौड़ीकरण बना परेशानी का कारण, मरीजों और राहगीरों ने उठाई आवाज

स्पोर्ट्स कॉलेज-फर्टिलाइजर रोड चौड़ीकरण बना परेशानी का कारण, मरीजों और राहगीरों ने उठाई आवाज

गोरखपुर। शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य के बीच स्पोर्ट्स कॉलेज से फर्टिलाइजर रोड तक का इलाका इन दिनों आम जनता के लिए परेशानी का केंद्र बन गया है। विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

सड़क किनारे नाले की खुदाई के बाद कई स्थानों पर गहरे गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं। इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। क्षेत्र में कई अस्पताल, क्लीनिक और जांच केंद्र स्थित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचते हैं। लेकिन निर्माण कार्य के चलते मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क और नाला निर्माण तो कराया जा रहा है, लेकिन लोगों की सुविधा के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। नाले के ऊपर अस्थायी पुलिया या पटरा न होने के कारण लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है या फिर जोखिम उठाकर रास्ता पार करना पड़ रहा है।

व्यापारियों ने भी निर्माण कार्य के कारण कारोबार प्रभावित होने की बात कही है। उनका कहना है कि ग्राहक दुकानों तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है। वहीं बुजुर्ग, महिलाएं और गंभीर मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान आपातकालीन मार्गों पर अस्थायी पटरा या पुलिया लगाई जाए, ताकि अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और आम नागरिकों को राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन इसके साथ जनता की सुरक्षा और सुविधा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है।

Share this story