जफर अमीन डक्कू की गिरफ्तारी पर सपा का हमला, गिरीश यादव ने कार्रवाई पर उठाए सवाल
सहजनवां। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गिरीश यादव ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी जफर अमीन डक्कू के विरुद्ध हुई पुलिस कार्रवाई को निंदनीय बताते हुए इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
गिरीश यादव ने कहा कि जमीन विवाद से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ था। उनके अनुसार, इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई करते हुए जफर अमीन डक्कू को जेल भेज दिया। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से कराने की मांग की।
सपा जिला उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर उनका उत्पीड़न करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है।
गिरीश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी किसी भी प्रकार के दबाव के आगे नहीं झुकेगी और अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के सम्मान तथा अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती और जनता हर घटनाक्रम पर नजर रख रही है। समय आने पर जनता लोकतांत्रिक तरीके से अपने मत के माध्यम से जवाब देगी।
उन्होंने सरकार से विपक्षी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के विरुद्ध कथित उत्पीड़नात्मक कार्रवाई पर रोक लगाने तथा जफर अमीन डक्कू प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

