×

श्रीमती द्रौपदी देवी त्रिपाठी पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

श्रीमती द्रौपदी देवी त्रिपाठी पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित

खजनी, गोरखपुर। खजनी क्षेत्र के रुद्रपुर स्थित श्रीमती द्रौपदी देवी त्रिपाठी पीजी कॉलेज में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रमोद कुमार तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान वरिष्ठ छात्र-छात्राओं ने नए विद्यार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. शुभांकित आर्या ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए केवल शिक्षा प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अच्छे संस्कार भी जरूरी हैं। संस्कारों का विकास अनुशासन के बिना संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अपने व्यवहार और व्यक्तित्व के विकास पर भी ध्यान देने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं फार्मेसी संकाय के संकायाध्यक्ष अजय यादव ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती रीना मसीह ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. लता श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर बीएड विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश जायसवाल, डॉ. आलोक रंजन भारद्वाज, डॉ. सीमा पांडेय, डॉ. अजय शर्मा, डॉ. सत्येंद्र कुमार, सागरिका सिंह, सुषमा शुक्ला, जया चौधरी, अवनीश कुमार पांडेय, डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह, श्रीराम सिंह, अजय सिंह, डॉ. अविनाश पति त्रिपाठी, सुरेंद्र कुमार द्विवेदी, बालमुकुंद त्रिपाठी, राकेश कुमार शुक्ला और आकाश शुक्ला सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के साथ ही शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के महत्व का संदेश दिया गया।

Share this story