×

रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, चालक गिरफ्तार

रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, चालक गिरफ्तार

गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत हो गई। हादसा जूडियो शॉपिंग मॉल के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में लेते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर की शाम करीब 4:15 बजे अभिमन्यु चौहान एक्टिवा स्कूटी से बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। वह जूडियो शॉपिंग मॉल के पास पहुंचे थे, तभी गोरखपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस संख्या UP53ET9691 ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार बस चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप है।

टक्कर लगने से अभिमन्यु चौहान गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने बस चालक जितेन्द्र कुमार पुत्र सुरेन्द्र नाथ चौधरी निवासी ग्राम रोवारी, पोस्ट तेलौली, थाना बासी, जनपद सिद्धार्थनगर को गिरफ्तार किया है। मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर गोरखनाथ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0372/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार मुकदमा भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106(1) के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। दुर्घटना के कारणों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। शव के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Share this story