विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर
घघसरा। पाली विकासखंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में बुधवार को विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं के नामांकन और विद्यालय विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नवीन शैक्षिक सत्र के दौरान विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कक्षा आठ पास करने वाले विद्यार्थियों के आगे की कक्षाओं में प्रवेश तथा बच्चों की शैक्षिक क्षमता में सुधार के लिए कैच-अप कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विचार किया गया।
समिति के सदस्यों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर चर्चा की। इसके साथ ही डीबीटी के माध्यम से प्राप्त धनराशि के सही उपयोग और कम्पोजिट ग्रांट से कराए जाने वाले विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने को लेकर भी सुझाव लिए गए।
बैठक में विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार कराने से संबंधित विषय पर भी चर्चा हुई। समिति के सदस्यों ने बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने के साथ उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी और उचित उपयोग करने पर सहमति जताई।
इस दौरान मंजू देवी, सुशीला देवी, नीतू देवी, सरिता देवी, हरिराम यादव, रमेश, बजरंगी प्रसाद, राजेश शुक्ला और बोधनाथ गोंड समेत विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
सभी ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने में सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक के अंत में नए सत्र में नामांकन बढ़ाने, विद्यालय की स्वच्छता बनाए रखने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।
