गोरखपुर जिला कारागार से दुष्कर्म का आरोपी दीवार फांदकर फरार, सुरक्षा पर सवाल
गोरखपुर। जिला कारागार में शुक्रवार सुबह सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई। दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के आरोप में बंद एक बंदी जेल की बाउंड्री के पास लगे पेड़ के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
कैसे हुआ फरार
जेल सूत्रों के अनुसार बांसगांव थाना क्षेत्र के सरसोपार निवासी विपिन पुत्र हरिशंकर को 18 जुलाई को दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में जेल भेजा गया था। शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे ड्यूटी पर तैनात बंदी रक्षक 49 बंदियों को जेल परिसर से सटी नई बाउंड्री के पास स्थित बगिया में काम कराने ले गए थे। 11:30 बजे जब बंदियों की गिनती हुई तो एक बंदी कम मिला।\
तलाश के दौरान पता चला कि विपिन बगिया में लगे एक पेड़ पर चढ़कर जेल की दीवार पार कर गया। सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया। आनन-फानन में आसपास नाकाबंदी की गई और जेल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।ड्यूटी पर मौजूद बंदी रक्षक निजामुद्दीन से पूछताछ की जा रही है। जेल प्रशासन ने मामले की आंतरिक जांच भी शुरू कर दी है।
